शिक्षक दिवस 2025 : सच्चे गुरु और कड़वी सच्चाई


Teachers Day 2025



हर साल 5 सितम्बर को हम सब शिक्षक दिवस मनाते हैं। इस दिन हम अपने जीवन के उन शिक्षकों को याद करते हैं जिन्होंने हमें ज्ञान दिया, मार्गदर्शन किया और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। 
पर इस दिन सिर्फ अच्छे अनुभवों को ही क्यों याद किया जाए? आज हमने सोचा क्यों न उन सच्चाइयों को भी सामने रखा जाए जिनसे हम गुजरे हैं, जिनसे हमें सीख तो मिली लेकिन दर्द के साथ।

सच कहें तो शिक्षा सिर्फ किताबों और क्लासरूम तक सीमित नहीं होती। शिक्षक का असली मूल्य उसके व्यवहार में झलकता है। लेकिन अफसोस, कुछ शिक्षक ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने ज्ञान से ज्यादा जहर दिया। जिन्होंने जातिगत भेदभाव, अपनेपन का दिखावा कर छात्रों को धोखा दिया और मनुष्य होने के मूल कर्तव्य से ही पीछे हट गए। 
जिस दिन शिक्षक अपने कर्म से भेदभाव करेगा, उसी दिन वह "गुरु" की गरिमा खो देगा।
कितना विडंबनापूर्ण है कि जिन्हें समाज "गुरु" की उपाधि देता है, वही कभी-कभी विषैले विचारों के बीज बोते हैं। वे छात्र को उसकी मेहनत और योग्यता से नहीं, बल्कि उसकी जाति और पृष्ठभूमि से तौलते हैं। यह भेदभाव किसी छात्र के आत्मविश्वास को तोड़ देता है, और उसके जीवन पर गहरी चोट कर देता है। वे यह समझा जाते हैं कि गुरु कहलाने और गुरु होने में बहुत फर्क होता है।

जिन्होंने भेदभाव किया, वो यह सिखा गए कि हमें दूसरों को कभी उस दर्द से नहीं गुज़रने देना चाहिए। 
जिन्होंने धोखा दिया, वो यह सिखा गए कि भरोसा अंधा नहीं होना चाहिए। और जिन्होंने अपनापन दिखाकर भी दूरी बनाई, वो यह समझा गए कि सच्चा रिश्ता शब्दों से नहीं, व्यवहार से पहचाना जाता है।

जिस शिक्षक के मन में जाति है, उसके हाथ में कलम नहीं, खंजर होता है। वह खंजर बच्चे के आत्मविश्वास को, उसकी मासूमियत को और उसके सपनों को मारता है।
लेकिन यही कटु अनुभव हमें यह सिखाते हैं कि सच्चा शिक्षक कौन होता है। सच्चा शिक्षक वह है जो हर छात्र को बराबरी से देखे, जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर केवल प्रतिभा और इंसानियत को महत्व दे।

आज शिक्षक दिवस पर हमें सिर्फ फूल-मालाएं और मिठाइयाँ बाँटने की बजाय, उन कड़वी सच्चाइयों पर भी चर्चा करनी चाहिए। हमें यह ठानना होगा कि आने वाली पीढ़ियाँ कभी ऐसे भेदभाव का सामना न करें। शिक्षा का असली मकसद छल और भेदभाव की दीवारें तोड़ना है, न कि नई दीवारें खड़ी करना।

इस दिन का सबसे बड़ा संदेश यही होना चाहिए कि हम उन शिक्षकों का सम्मान करें जिन्होंने सच में इंसान बनाया और उन शिक्षकों से सबक लें जिन्होंने हमें छल और भेदभाव का दर्द दिया। दोनों ने हमें कुछ न कुछ सिखाया है, फर्क बस इतना है कि किसी ने रोशनी दिखाई और किसी ने अंधकार का सामना कराया। पर शुक्रिया उनका भी क्योंकि उन्होंने हमें यह सिखा दिया कि हमें उनके जैसा कभी नहीं बनना।
आज शिक्षक दिवस पर हम नमन उन सच्चे गुरुओं को करते हैं जो बिना भेदभाव के रोशनी फैलाते हैं।
और धिक्कार है उन पर, जिन्होंने अपने ही शिष्य का विश्वास तोड़ा।

 अब सवाल यह है कि आप अपने जीवन में किसे याद करेंगे? वो जिन्होंने आपको उठाया या वो जिन्होंने आपको गिराने की कोशिश की? शायद दोनों, क्योंकि दोनों ने ही आपको आज का इंसान बनाने में भूमिका निभाई है।

Comments